ग्राम प्रधानों व ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता को दी चेतावनी
रुड़की। रुड़की क्षेत्र के ब्रह्मपुर खादर में तैनात ऊर्जा निगम के लाइनमैन इरफान को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी विरोध में उतर आए हैं, जिससे मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
सैकड़ों ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत से मिलने उनके कार्यालय पहुंचा। वहां ग्राम प्रधानों ने लाइनमैन के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें दर्ज कराते हुए उसे तत्काल हटाने की जोरदार मांग उठाई। ग्राम प्रधान और ग्रामीण कई घंटों तक कार्यालय में डटे रहे और लगातार कार्रवाई की मांग करते रहे।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे माहौल काफी गरमा गया। हालांकि लंबी वार्ता के बाद अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने आश्वासन दिया कि यदि लाइनमैन इरफान पर लगे आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत होकर लौटे।
बताया जा रहा है कि इस मामले ने अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऊर्जा निगम के कुछ अधिकारी जहां खुलकर लाइनमैन के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं, वहीं खादर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने इरफान को हटाने की मांग को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। जनप्रतिनिधियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सैकड़ों ग्रामीण ऊर्जा निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि लाइनमैन को हटाए जाने तक बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। सोमवार को अधीक्षण अभियंता से मुलाक़ात करने वाले भारापुर ग्राम प्रधान अजय, हलवाहेड़ी ग्राम प्रधान शौकत अली, नगला खुर्द प्रधान इमरान, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुबारक अली, प्रधान प्रतिनिधि आबाद अली, सैय्याद अली, इमरान, मतलूब, शाकिर, सलीम और अय्यूब समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
