आवास एवं निर्माण सहकारी संघ को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के दिये निर्देश
अधिकारियों को निर्देश, विशेष थीम आधारित सहकारी मेलों की पुख्ता रखें तैयारी
देहरादून । सहकारी विभाग के अंतर्गत संचालित सहकारी समितियों में शीघ्र ही 279 कैडर सचिवों की भर्ती की जायेगी। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं। आगामी 3 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक विशेष थीम आधारित सहकारी मेलों की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिये गये हैं। आवास एवं निर्माण सहकारी संघ के अंतर्गत प्रदेशभर में संचालित निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने को भी अधिकारियों को कहा गया है। सूबे के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज विधानसभा स्थित सभाकक्ष में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने सहकारी समितियों में लम्बे समय से रिक्त 279 कैडर सचिवों की शीघ्र भर्ती करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। जिसमें रूद्रप्रयाग जनपद में 18, पिथौरागढ़ 24, टिहरी 46, पौड़ी 44, चम्पावत 1, उत्तरकाशी 2, ऊधमसिंह नगर 27, हरिद्वार 21, नैनीताल-अल्मोड़ा 23-23 तथा चमोली व देहरादून में 25-25 कैडर सचिवों की भर्ती की जायेगी। उन्होंने कहा कि कैडर सचिवों की नियुक्ति से प्राथमिक सहकारी समितियों में पारदर्शिता के साथ काम होंगे, साथ ही समितियां आर्थिक रूप भी मजबूत होंगी। इसके अलावा समितियों के कार्यों में तेजी आयेगी जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा।
