उत्तराखंड में रेशम उत्पादन की नई संभावनाओं पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुआ मंथन

देहरादून । चेन्नई में आयोजित 27वीं अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन एवं रेशम उद्योग कांग्रेस में देहरादून स्थित केंद्रीय रेशम बोर्ड की विभिन्न इकाइयों के चार वैज्ञानिकों ने अपने शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए। 23 से 27 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में रेशम उत्पादन के सतत विकास, नई तकनीकों, बहुफसलीय रेशमकीट पालन और पर्यावरण अनुकूल उत्पादन प्रणालियों पर व्यापक चर्चा हुई। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अधीन केंद्रीय रेशम बोर्ड की देहरादून स्थित इकाइयों के वैज्ञानिकों और प्रभारियों ने 23 से 25 नवंबर तक वैज्ञानिक एवं तकनीकी सत्रों में सक्रिय भागीदारी की। सम्मेलन का मुख्य विषय श्सतत भविष्य के लिए रेशम रखा गया था।
अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग, बेंगलुरु के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन और सिल्क मार्क प्रदर्शनी-2026 का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस अवसर पर वस्त्र मंत्रालय की संयुक्त सचिव एवं केंद्रीय रेशम बोर्ड की उपाध्यक्ष पद्मिनी सिंगला, केंद्रीय रेशम बोर्ड के सदस्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग के महासचिव पी. शिवकुमार तथा युगांडा के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार मंत्री इंजीनियर जोनार्ड असीम्वे अकीकी सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सम्मेलन में जापान, अमेरिका, रोमानिया, युगांडा, केन्या, फ्रांस, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित कई देशों के लगभग 350 वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और रेशम उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में रेशम उद्योग में हरित ऊर्जा, पर्यावरण अनुकूल तकनीकों और सतत उत्पादन प्रणालियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने वैज्ञानिकों से पारंपरिक रेशम उत्पादन के साथ केला, अनानास और कमल से प्राप्त प्राकृतिक रेशों की संभावनाओं पर भी शोध करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, जैविक कृषि आदानों, प्राकृतिक रंगों, उत्पादों की पहचान और अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग के माध्यम से रेशम उद्योग के कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीण रोजगार और आजीविका सृजन में रेशम उत्पादन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मूल्य संवर्धित उत्पादों, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पद्मिनी सिंगला ने भारत के रेशम उत्पादन और निर्यात क्षेत्र की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण, स्वचालन, वैज्ञानिक रोग प्रबंधन और किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। केंद्रीय रेशम बोर्ड के सदस्य सचिव पी. शिवकुमार ने वैश्विक रेशम उद्योग के सतत विकास के लिए वैज्ञानिक नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को जरूरी बताया। उन्होंने रेशम उत्पादन के विभिन्न चरणों में जल, ऊर्जा और रसायनों के उपयोग से उत्पन्न पर्यावरणीय चुनौतियों का समाधान खोजने की आवश्यकता पर बल दिया।
सम्मेलन में देहरादून की ओर से डॉ. पवन सैनी, वैज्ञानिक-डी एवं प्रभारी, क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र सहसपुरय डॉ. विक्रम कुमार, वैज्ञानिक-सी एवं प्रभारी, पी-3 मूल बीज प्रक्षेत्र माजराय डॉ. अभिषेक सिंह, वैज्ञानिक-सी एवं प्रभारी, पी-2 मूल बीज प्रक्षेत्र शीशमबाड़ा तथा राहुल पाल, वैज्ञानिक-बी एवं प्रभारी, रेशम तकनीकी सेवा केंद्र प्रेमनगर ने प्रतिभाग किया।
इन वैज्ञानिकों ने शहतूत एवं रेशमकीट की फसल सुरक्षा, उत्तराखंड की कृषि एवं जलवायु परिस्थितियों में सालभर रेशमकीट पालन की फसलों की संख्या बढ़ाने की संभावनाओं, मूगा रेशम उत्पादन और कोया बनने के बाद की तकनीकों से जुड़े शोधपत्र प्रस्तुत किए।
शोध प्रस्तुतियों में रेशम उत्पादन की उत्पादकता बढ़ाने, फसल की स्थिरता बनाए रखने, रेशम की गुणवत्ता सुधारने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक हस्तक्षेपों की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
सम्मेलन के वैज्ञानिक कार्यक्रम में आठ तकनीकी सत्रों के दौरान 121 मौखिक शोध प्रस्तुतियां और 108 वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा वैश्विक रेशम उत्पादन के भविष्य को लेकर विशेष विचार-विमर्श सत्र भी आयोजित किया गया।
देहरादून से पहुंचे वैज्ञानिकों ने विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के साथ जलवायु अनुकूल रेशम उत्पादन, रोग एवं कीट प्रबंधन, बहुफसलीय रेशमकीट पालन, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और रेशम से जुड़े सह-उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर चर्चा की। वैज्ञानिकों का मानना है कि सम्मेलन से प्राप्त नई तकनीकी जानकारी और अंतरराष्ट्रीय अनुभव उत्तराखंड में रेशम उत्पादन के विकास, किसानों की उत्पादकता एवं आय बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायक होंगे।