करंट होने की अफवाह से फैली दहशत: पुलिस

हरिद्वार। हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर परिसर में रविवार को भगदड़ से 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 29 अन्य घायल हो गए। हादसे पर मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी की मानें तो भगदड़ की घटना मंदिर के अंदर किसी के फिसलकर गिरने के कारण हुई न कि बिजली का तार टूटने की अफवाह की वजह से…

वहीं हरिद्वार जिला प्रशासन का कहना है कि वह अफवाह फैलाने वाले एंगल से भी घटना की जांच करेगा।

किसने फैलाई अफवाह होगी जांच

हरिद्वार के जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि टूटे तारों में बिजली प्रवाहित होने की अफवाह के बाद भगदड़ मची। हमें तस्वीरों और वीडियो की जांच से पता चला है कि किसी ने बिजली का तार टूटने की अफवाह फैलाई थी। हालांकि मृतकों और घायलों के शवों को देखने के बाद, तार टूटने के संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में हम जांच करेंगे कि अफवाह किसने फैलाई? वहीं पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जिला मजिस्ट्रेट ने यह भी कहा कि घटनास्थल पर कुछ टूटे तार पाए गए हैं, जिससे पता चलता है कि कुछ लोग सीढ़ियों को पकड़कर ऊपर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे।

करंट होने की अफवाह से फैली दहशत: पुलिस

वहीं हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि मंदिर की सीढ़ियों से शुरू होने वाली जगह पर बिजली का करंट होने की अफवाह से अचानक लोग दहशत में आ गए, जिसके बाद भगदड़ मच गई। घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। रविवार होने के कारण, बच्चों और महिलाओं सहित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एक संकरी सीढ़ी से मंदिर की ओर जा रही थी। प्रथम दृष्टया, ऐसा लग रहा है कि भगदड़ इस अफवाह के कारण मची कि मंदिर मार्ग से 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर बिजली का तार टूटकर गिर गया है।

इस वजह से हुआ हादसा

मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा- मनसा देवी मंदिर तक जाने के तीन रास्ते हैं – रोपवे, वाहनों का रास्ता और हर की पौड़ी से सीधा एक प्राचीन रास्ता। रविवार को मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा होने पर पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद बैरिकेड्स लगाए गए लेकिन फिर भी भीड़ ऊपर आ गई। इसी बीच एक व्यक्ति फिसल गया, जिसके कारण यह पूरी घटना घटी…

हादसा बिजली का करंट लगने से नहीं हुआ

पुरी ने आगे कहा- जब मंदिर के अधिकारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यह पूरा हादसा बिजली का करंट लगने की घटना नहीं है। इस तरह की घटना होने के कोई संकेत नहीं हैं… हम पीड़ित परिवारों की सहायता करेंगे।