रुद्रप्रयाग । केदारघाटी में केदार क्लब फाटा की ओर से एक जनवरी से भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि इस वर्ष फाटा क्षेत्र वासियों के सहयोग से केदार क्लब फाटा की ओर से नारायण क्रिकेट स्टेडियम में भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विजेता टीम को एक लाख रुपए एवं उपविजेता टीम को 51 हजार रुपए की पुरस्कार धनराशि के साथ सुंदर ट्रॉफियां भेंट की जाएंगी। इसके साथ ही अन्य कई पुरस्कार भी इस पूरे टूर्नामेंट में आयोजनकर्ताओं द्वारा दिए जायेंगे। केदार क्लब फाटा के अध्यक्ष जमुना प्रसाद ने कहा कि इस वर्ष समस्त फाटा क्षेत्रवासियों के सहयोग से भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जायेगा। साथ ही टूर्नामेंट को बेहतर बनाने के प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक खेल प्रेमियों से टूर्नामेंट में भाग लेने की पेशकश की है। उपाध्यक्ष नितिन जमलोकी ने बताया कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करने को लेकर ओपन वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सचिव धीरेन्द्र सिंह रावत ने सभी खेल प्रेमियों से ओपन टूर्नामेंट में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। आयोजक अतुल जमलोकी व पप्पू तिवारी ने बताया कि इस बार लाल मिट्टी से पिच को तैयार किया गया है, जिसमे गेंदबाज व बल्लेबाज दोनों को मदद मिल सकती है। इस मौके पर सरंक्षक लोकेश तिवारी, वंशीधर तिवारी, अशोक जमलोकी, नागेन्द्र रावत, कमल सिंह रावत, देवेंद्र सेमवाल, नन्द लाल, प्रवीण मैंखंडी, पंकज सेमवाल, नितिन तिवारी, हर्षवर्धन तिवारी, राकेश साजवान, कुलदीप कुर्मांचली, अमित सेमवाल, सहित समस्त पदाधिकारी मौजूद थे।
