सूर्यप्रयाग घाट पर एक साथ जलीं तीन चिताएं, हर आंख हुई नम…….अर्जुन बैंड हादसे ने रुद्रप्रयाग को झकझोरा, शादी की खुशियां मातम में बदली

एक ही परिवार की दो बहुओं सुनीता और बसंती की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रुद्रप्रयाग। सिलगढ़ क्षेत्र के कुरछोला स्थित अर्जुन बैंड के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। जिस परिवार में बारात की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौत के बाद सोमवार को सूर्यप्रयाग घाट पर तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। घाट पर जब एक साथ तीन चिताएं जलीं तो वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि एक ही परिवार की दो बहुओं सुनीता देवी और बसंती देवी की भी इस दुर्घटना में जान चली गई। देवरानी और जेठानी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अर्जुन बैंड की यह दुर्घटना तीन जिंदगियां छीनने के साथ ही पहाड़ की सड़कों की बदहाल स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर गई है। हादसे के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सड़क की स्थिति, तीव्र ढलान और क्रॉस बैरियर के अभाव को लेकर संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सवाल यह है कि जब किसी मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका पहले से बनी हुई है तो वहां समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए जाते?
गौरतलब है कि रविवार को अर्जुन बैंड के समीप बारात का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा था। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में वाहन चालक समेत दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति लापता हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दलों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान चलाया। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सोमवार को सूर्यप्रयाग घाट पर तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ जलती तीन चिताओं का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक सके।
वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जनपद के जिन संपर्क मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से क्रॉस बैरियर लगाए जाने आवश्यक हैं, वहां संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
बहरहाल, अर्जुन बैंड हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत सामने ला दी है। तीन लोगों की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन और संबंधित विभाग दुर्घटना संभावित मार्गों पर समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करेंगे? क्या अर्जुन बैंड सहित जनपद के अन्य संवेदनशील स्थानों पर क्रॉस बैरियर लगाए जाएंगे? या फिर व्यवस्था को जगाने के लिए किसी और दर्दनाक हादसे का इंतजार किया जाएगा? तीन चिताओं के साथ उठे ये सवाल अब प्रशासन और संबंधित विभागों से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सड़क की बदहाली और क्रॉस बैरियर के अभाव पर उठाए सवाल
हादसे के बाद घटनास्थल पर सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अर्जुन बैंड के समीप सड़क की स्थिति बेहद खराब है। यहां तीव्र ढलान के साथ सड़क भी क्षतिग्रस्त है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्रॉस बैरियर तक नहीं लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस स्थान पर पहले भी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां क्रॉस बैरियर लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी स्थान पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है तो वहां सुरक्षा इंतजाम करने में देरी क्यों की जा रही है?
जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने जनपद में लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाले अन्य मार्गों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त सड़कें, असुरक्षित मोड़ और सुरक्षा उपायों का अभाव राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर क्रॉस बैरियर सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की।
कांग्रेस नेता अर्जुन गहरवार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि घटनास्थल पर सड़क की स्थिति कैसी थी और दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी विभागीय अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।