शिक्षा, करियर और भाषायी जागरूकता के क्षेत्र में धर्म सिंह फर्स्वाण की उल्लेखनीय पहल, कुलपति ने किया सम्मानित

मसूरी । उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, करियर निर्माण और भाषायी जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बहुभाषीय लेखक, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी धर्म सिंह फर्स्वाण के प्रयासों की सराहना हो रही है। उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान को देखते हुए हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
धर्म सिंह फर्स्वाण पिछले कई वर्षों से प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में निःशुल्क करियर परामर्श, शैक्षिक मार्गदर्शन और प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। उनका उद्देश्य आर्थिक एवं भौगोलिक विषमताओं के बावजूद पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसरों से जोड़ना और उन्हें भविष्य निर्माण के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
उनके कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति प्रेरित करने, पठन-पाठन की संस्कृति विकसित करने, भाषायी दक्षता बढ़ाने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं से परिचित कराने पर विशेष जोर दिया जाता है। वे हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच और जर्मन सहित विभिन्न भाषाओं के व्यावहारिक महत्व और उन्हें सीखने के तरीकों की जानकारी भी देते हैं।
फर्स्वाण का मानना है कि वर्तमान वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि अतिरिक्त भाषायी कौशल भी युवाओं के व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विदेशी भाषाओं का ज्ञान युवाओं के लिए बहुराष्ट्रीय कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, पर्यटन, अनुवाद, शिक्षा और आतिथ्य सत्कार जैसे क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर खोल सकता है। उनका विशेष प्रयास है कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी महानगरों और बड़े शैक्षणिक संस्थानों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी तथा मार्गदर्शन मिल सके। शिक्षा और भाषा को आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सशक्त भविष्य का माध्यम मानने वाले धर्म सिंह फर्स्वाण की यह पहल निश्चित रूप से पहाड़ के युवाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।