सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी और दुर्गंध, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
मसूरी । पर्यटन स्थल कैंपटी बाजार और कैंपटी फॉल के सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों के लिए भी परेशानी का सबब बनी हुई है। शौचालयों में गंदगी और दुर्गंध के कारण लोग इनका उपयोग करने से कतरा रहे हैं। लंबे समय से बनी इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है और वे सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं। मामले में पटवारी और जिला पंचायत के अवर अभियंता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया, जिसके बाद कैंपटी बाजार के शौचालय की समस्या के समाधान का रास्ता निकाला गया है।
जिला पंचायत के अवर अभियंता आशीष उनियाल ने बताया कि कैंपटी बाजार के सार्वजनिक शौचालय के पिट में आसपास के दो-तीन लोगों के शौचालयों की निकासी लाइन भी जोड़ दी गई थी। इससे सार्वजनिक शौचालय का पिट ओवरफ्लो होने लगा और गंदगी की समस्या पैदा हो गई। इस संबंध में संबंधित लोगों से वार्ता की गई, जिसमें तय हुआ कि जिन लोगों की निकासी लाइन सार्वजनिक शौचालय के पिट में जुड़ी है, वे अपने-अपने पिट अलग बनवाएंगे। इसके बाद सार्वजनिक शौचालय के लिए अलग पिट बनाया जाएगा। जिला पंचायत सरकारी भूमि पर इसकी निकासी लाइन का निर्माण करेगी, जबकि लाइन तोमर की भूमि से होकर गुजरेगी। उन्होंने बताया कि आपसी विवाद और नियमित सफाई नहीं होने के कारण भी समस्या बढ़ी है। फिलहाल शौचालय बंद है, लेकिन अब समाधान निकल गया है और इसे शीघ्र खोलने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कैंपटी फॉल के सार्वजनिक शौचालयों की दुर्दशा पर उन्होंने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान यहां प्रतिदिन आठ हजार से अधिक पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों की भारी आवाजाही के कारण शौचालयों में लगे उपकरण और अन्य सामान जल्दी खराब हो जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक दो वर्ष में इनकी मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि कभी विभागीय सीमाओं तो कभी बजट की कमी के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित होता है, लेकिन जिला पंचायत शौचालयों को चालू रखने का प्रयास करती है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
