पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 30 मोबाइल व तीन लैपटॉप बरामद
ऋषिकेश । शहर के मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर 50 लाख रुपए के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइकें भी पुलिस ने कब्जे में ली है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बीती 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर चोरों ने विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए थे। दुकान स्वामी की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को आईडीपीएल गोलचक्कर के पास संदिग्धों और चोरी के सामान की तलाश में चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल शोरूम में चोरी करने वाले चार आरोपी दो बाइकों से नटराज चैक होते हुए बाईपास रोड के रास्ते श्यामपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों बाइकों पर सवार युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लिया गया था और उसका अधिकांश हिस्सा जंगल में छिपाकर रखा गया था। वे चोरी के सामान को बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास से तीन लैपटॉप, एक आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए। अन्य आरोपियों से भी मोबाइल फोन बरामद हुए। कुल मिलाकर पुलिस ने 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है। इनमें से 22 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर, दो लैपटॉप और आईपैड का चोरी की घटना से मिलान हुआ है। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दो बाइकें भी कब्जे में ली हैं।
पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय नितिन दास निवासी मुर्गी फार्म रायवाला, 20 वर्षीय अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, 26 वर्षीय योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी ज्वालापुर हरिद्वार और 20 वर्षीय रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में से अभिषेक थापा के खिलाफ रायवाला थाने में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। जबकि रोहन के खिलाफ ऋषिकेश और रायवाला थानों में चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं।
नैनीताल के हल्द्वानी में दीपावली की छुट्टियों में घर लौट रहे एक युवक को टैक्सी में बैठाने के बहाने लूटपाट का मामला सामने आया है। दो आरोपियों ने युवक को पिथौरागढ़ जाने वाली टैक्सी दिलाने का झांसा देकर सुनसान जगह पर पहुंचाया और उसका आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन और नकदी लूट ली। मामले में पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।
दरअसल, पिथौरागढ़ के बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। दीपावली की छुट्टियों में घर जाने के लिए वह चंडीगढ़ से बस के जरिए हल्द्वानी पहुंचे थे। यहां रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ ले गए। लेकिन टैक्सी तक पहुंचाने के बजाय दोनों युवक मुकेश को एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने उनका आईफोन, सात हजार रुपए नकद, हेडफोन और कान की सोने की बाली लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने 7 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की। 9 नवंबर को राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से अभय सिंह उर्फ उड़ी और सूरज आर्य निवासी हल्द्वानी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लूटा गया आईफोन, कान की बाली, हेडफोन और पांच हजार रुपए बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
