हरिद्वार । महिला एवं बाल विकास विभाग एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में तथा सहयोगी संस्था इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल डेवलपमेंट एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ विकास भवन, रोशनाबाद, हरिद्वार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी लालित नारायण मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की डॉ. सिमरनजीत कौर, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, किशोरियों एवं माताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मंच संचालन संतोष रावत, जिला प्रशासनिक अधिकारी द्वारा किया गया।
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी”
इस वर्ष 9वें राष्ट्रीय पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका, सामुदायिक सहभागिता तथा महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर पोषण पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर पोषण माह का संदेश “गरम भोजन, विविध आहार कृ पोषण का बेहतर आधार” दिया गया। इसके माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए समुदाय को जागरूक किया गया।
किशोरियों में पोषण एवं एनीमिया की रोकथाम को लेकर “तेजस्विनी टॉक” के माध्यम से जागरूकता संवाद किया गया। इस दौरान “गुड़ चना खाओ, एनीमिया भगाओ” तथा “गुड़-चना का आहार, रोगों पर करे प्रहार” जैसे संदेशों के माध्यम से किशोरियों को आयरन युक्त एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोषण स्टॉल
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न पोषण जागरूकता स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री का प्रदर्शन किया गया।
उपस्थित अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया तथा पोषण आहार से निर्मित खाद्य सामग्री का स्वाद लेकर उसका आनंद लिया एवं उसके पोषण महत्व की जानकारी प्राप्त की। स्टॉलों के माध्यम से लोगों को स्थानीय खाद्य पदार्थों से स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं विविध आहार तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।आईटीसी मिशन सुनहरा कल के अंतर्गत सहयोगी संस्था इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल डेवलपमेंट द्वारा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाने तथा पोषण माह की गतिविधियों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा कम्युनिटी लाइब्रेरी का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा स्थापित कम्युनिटी लाइब्रेरी का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी लालित नारायण मिश्रा द्वारा किया गया। कम्युनिटी लाइब्रेरी का उद्देश्य बच्चों एवं समुदाय में पढ़ने की आदत एवं सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा बच्चों को शिक्षा एवं ज्ञान प्राप्त करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इस पहल के माध्यम से पोषण के साथ-साथ बच्चों के शैक्षणिक एवं समग्र विकास पर भी जोर दिया गया।
गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन
राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई एवं छोटे बच्चों के लिए अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन भी किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण, शिशु देखभाल, स्तनपान तथा बच्चों को समय पर पौष्टिक एवं विविध आहार देने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही कार्यक्रम में किशोरियों को पोषण किट एवं छाता वितरित किए गए। किशोरियों को संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
पोषण के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर जोर
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों ने कहा कि पोषण केवल एक माह तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं, बल्कि निरंतर जनभागीदारी एवं सामुदायिक जिम्मेदारी का विषय है। आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं एवं बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से सुपोषित मातृत्व, स्वस्थ बचपन, किशोरियों के बेहतर पोषण, एनीमिया की रोकथाम, विविध एवं संतुलित आहार, स्वच्छता तथा शिक्षा एवं पोषण के समन्वय का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, प्ळक्, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, किशोरियों एवं माताओं ने महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं समग्र विकास के लिए मिलकर निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
