सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप जैकी फुटबॉल में खेतवाला, एलन, यूनाइटेड व मेनोराइट ने जीते मुकाबले

मसूरी । सेंटजार्ज कॉलेज, मसूरी में आयोजित 53वीं सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 पूरे उत्साह, प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं उत्कृष्ट खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। दिन के पहले मुकाबले में खेतवाला स्पोर्ट्स क्लब ने युवा स्पोर्ट्स क्लब को 3-0 से पराजित किया। खेतवाला स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आशीष ने 17वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद अमन ने 20वें मिनट में बढ़त को दोगुना किया, जबकि रोहित ने 70वें मिनट में गोल कर टीम की शानदार जीत सुनिश्चित की। दूसरे मुकाबले में वाइनबर्ग एलन स्कूल बी टीम ने सेंट जॉर्ज कॉलेज सी टीम को 5-1 से हराया। वाइनबर्ग एलन स्कूल बी टीम की ओर से वोजर ने 10वें मिनट, ज्यूस ने 23वें मिनट, क्रिस ने 30वें मिनट, बिश्नोई ने 38वें मिनट तथा रोहजोन ने 50वें मिनट में गोल किए।

सेंट जॉर्ज कॉलेज सी टीम की ओर से एकमात्र सांत्वना गोल अभिलक्षय ने 22वें मिनट में किया। तीसरे मुकाबले में मसूरी यूनाइटेड फुटबॉल क्लब ने नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब को 1-0 से पराजित किया। मैच का एकमात्र एवं निर्णायक गोल महादेव ने 18वें मिनट में किया। चैथे एवं अंतिम मुकाबले में मेनोराइट ने मसूरी बॉयज क्लब को 4-1 से शिकस्त दी। मेनोराइट की ओर से ज्योतिष ने 11वें एवं 22वें मिनट में दो शानदार गोल किए, जबकि श्रेय ने 45वें एवं 52वें मिनट में दो और गोल कर टीम की प्रभावशाली जीत सुनिश्चित की। मसूरी बॉयज क्लब की ओर से एकमात्र गोल जावेद ने 61वें मिनट में किया। प्रतियोगिता के सभी मैचों का सफल संचालन अनुभवी रेफरी पैनल पुष्कर सिंह गुसाईं, प्रदीप नेगी, प्रशांत रावत, मिलन एवं अनीश छेत्री द्वारा निष्पक्ष एवं पेशेवर ढंग से किया गया, जिससे सभी मुकाबले सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन ब्रदर जेयसीलन एस. (प्रधानाचार्य), ब्रदर ब्रिट्टो (सुपीरियर एवं खेल सचिव), ब्रदर सिल्वेनस केरकेट्टा (उप-प्रधानाचार्य), ब्रदर लॉरेंस कुजूर (सहायक खेल सचिव), ब्रदर निथिन मिटोरली, आनंद थापा (स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर), भवनेश नेगी (जनसंपर्क अधिकारी) तथा सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी के खेल विभाग के समर्पित सदस्यों के कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग में किया जा रहा है।