हूटर बजाने वाले की पुलिस ने निकाली हेकड़ी, वाहन किया सीज

मसूरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मसूरी के पर्यवेक्षण के तहत जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने हेतु विशेष वाहन चेकिंग अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली मसूरी पुलिस ने लाइब्रेरी चैक क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूपी 80 एचवाई 3007 ब्लैक कलर की थार को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त वाहन में बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अवैध रूप से हूटर लगाया गया था, जिसका प्रयोग कर वाहन चालक स्वयं को वीआईपी दर्शाने का प्रयास कर रहा था।
वाहन में अवैध रूप से हूटर का प्रयोग मोटर वाहन अधिनियम एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर मसूरी पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया। वाहन शिवम धाकड़ पुत्र श्रीराम धाकड़ निवासी नई की मंडी, शाहगंज, आगरा, उत्तर प्रदेश चला रहा था। मसूरी पुलिस ने  कहा कि यातायात नियमों का उलंघन करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध भविष्य में इसी प्रकार की सख्त वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। पुलिस का उददेश्य सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित व्यवस्थित एवं नियम सम्मत यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।