केदारनाथ धाम में बीमार महिला श्रद्धालु की रूद्रप्रयाग पुलिस ने की मदद

रूद्रप्रयाग । केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर मानवीयता और तत्परता का परिचय दिया है।
शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी हेमलता देवी (52 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय श्री ध्रुव, अपने परिजनों के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए धाम पहुंची थीं। दर्शन के उपरांत अचानक उनकी तबीयत अत्यधिक खराब हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देकर सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही 112 नियंत्रण कक्ष ने केदारनाथ में तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल मौके पर भेजा। मुख्य आरक्षी सुशील थपलियाल एवं आरक्षी प्रेम राम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर अस्वस्थ महिला श्रद्धालु को संभाला और तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार शुरू किया गया।
समय पर मिली चिकित्सीय सहायता से महिला श्रद्धालु की स्थिति में सुधार हुआ। विपरीत मौसम और कठिन परिस्थितियों के बीच रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित सहायता की महिला श्रद्धालु एवं उनके परिजनों ने सराहना करते हुए पुलिस टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।