देहरादून। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) के चलते जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन को भारत मौसम विज्ञान विभाग और राज्य आपदा परिचालन केंद्र से मिली चेतावनी के अनुसार देहरादून में इन दिनों अत्यधिक तापमान और लू की स्थिति बनी हुई है। अनुमान है कि 27 अप्रैल को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है, ताकि खासकर छोटे बच्चों, छात्रों और आम नागरिकों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाया जा सके। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में हीट वेव से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए ठंडे पेयजल, ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि तेज धूप और गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें।
