मुख्य सचिव से की वैली ब्रिज के शीघ्र निर्माण की मांग, सौंपा ज्ञापन

मसूरी । मसूरी-देहरादून मार्ग पर शिव मंदिर के समीप गत बरसात में आपदा में पुल क्षतिग्रस्त हुआ था जिसके स्थान पर उत्तराखंड सरकार ने तत्काल प्रभावी कार्य कर वैली ब्रिज का निर्माण कर यातायात बहाल किया था लेकिन एक पुल होने के कारण वहां पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है जिसके स्थान पर एक अन्य वैलीब्रिज बनना जरूरी है ताकि यातायात बाधित न हो। इस संबंध में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल ने मुख्य सचिव से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। मुख्य सचिव ने विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों, विशेषकर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों की प्रगति को और गति देने पर बल दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थायी टू-वे ब्रिज के निर्माण की दिशा में शीघ्र ठोस कार्य प्रारंभ होगा, जिससे वर्तमान अस्थायी व्यवस्था से हो रही असुविधा जल्द समाप्त हो सके। प्रदेश मंत्री आर्यनदेव उनियाल ने कहा कि निस्संदेह, यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, शासन की तत्परता, जनप्रतिनिधियों की पहल और स्थानीय नागरिकों की अपेक्षाओं का समन्वय जिससे इस महत्वपूर्ण समस्या के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है।