देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित “सरकार के 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि विभाग द्वारा लगाए गए परंपरागत आर्थिक कृषि गतिविधि स्टॉल का निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं के साथ सहभागिता करते हुए पारंपरिक कृषि एवं घरेलू उपकरण ओखली, सिलबट्टा एवं जांदरा भी चलाया। उन्होंने महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उनके कार्यों की सराहना की तथा उनके योगदान को प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री की इस सहभागिता से उपस्थित महिलाओं में उत्साह एवं आत्मविश्वास की झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रगति कर रही है तथा जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पारंपरिक कृषि एवं घरेलू गतिविधियों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से युवा पीढ़ी को अपनी पारंपरिक कृषि पद्धतियों एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है, जो प्रदेश के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।
